नई टिहरी, 17 अगस्त । बोर्ड परीक्षा के प्रतापनगर ब्लाॅक की ओण और रैका पट्टी के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए प्रतापनगर विधायक विक्रम नेगी ने कहा कि युवा ही हमारे भविष्य हैं। उन्हें पढ़ाई-लिखाई के साथ कौशल विकास के लिए पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। समय-समय पर उन्हें प्रोत्साहित किया जाना भी जरूरी है।
सोमवार को प्रतापनगर ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित समारोह में विधायक नेगी ने क्षेत्र के बोर्ड परीक्षा के मेधावियों को सम्मानित किया। उन्होंने ओण और रैका के 7 इंटर कॉलेजों को एक-एक इंटरैक्टिव डिजिटल पैनल स्मार्ट बोर्ड भी डिजिटल शिक्षा के लिए प्रदान किए। समारोह में जीआईसी गालूडधार, ओखलाखाल, प्रतापनगर, देवताधार, मिश्रवाण गांव, थौलधार, थापला, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय झिंवाली, मोटणा, भैंगा, पणसूत, शुक्री, पिलानीधार और घोल्डाणी के 63 मेधावियों को स्मृति चिन्ह और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि प्रत्येक उत्कृष्ट कार्य करने वाले का सम्मान किया जाए। जिससे अन्य छात्र भी उनसे प्रेरणा लें। विधायक ने प्रभारी बीईओ राकेश चंदोला, बीडीओ श्रव्या गोयल सहित 14 स्कूलों के प्रधानाचार्य सहित शिक्षक नरपाल नकोटी, मनोज कनवाल, द्वारिका प्रसाद, प्रमोद बिजल्वाण, प्रदीप कुमार को भी सम्मानित किया।