जयपुर, 07 अगस्त । राजस्थान में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने पांच जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 20 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने से 10 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
राजधानी जयपुर में गुरुवार रात करीब 10 बजे शुरू हुई बारिश शुक्रवार सुबह तक रुक-रुककर जारी रही। लगातार बारिश से शहर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि तापमान में गिरावट आ गई। चूरू, सीकर और धौलपुर में भी लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
सबसे ज्यादा असर चूरू जिले के सादुलपुर में देखने को मिला, जहां शुक्रवार सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में करीब चार फीट तक पानी भर गया। महाराणा प्रताप चौक सहित कई कॉलोनियों में पानी घरों तक पहुंच गया। लोग मिट्टी के कट्टे लगाकर पानी को घरों में घुसने से रोकने का प्रयास करते रहे।
गुरुवार को पूर्वी राजस्थान में बने लोकल वेदर सिस्टम के कारण भरतपुर, धौलपुर, करौली और अलवर में मूसलाधार बारिश हुई। कई क्षेत्रों में 2 से 8 इंच तक वर्षा हुई, जिससे खेत, सड़कें और निचले इलाके जलमग्न हो गए।
धौलपुर के सैंपऊ क्षेत्र के गढ़ी गांव में भारी बारिश के चलते तीन मकानों की दीवारें और छत की पट्टियां गिर गईं। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के कुछ इलाकों में भी अच्छी बारिश मापी गई।
पिछले 24 घंटे में अलवर के गोविंदगढ़ और कठूमर, भरतपुर के भुसावर, बयाना, नगर, सीकरी, पहाड़ी और कुम्हेर, धौलपुर के सरमथुरा, बाड़ी और बसेड़ी, दौसा के सिकराय, करौली के हिंडौन, मासलपुर और सुरौठ तथा सवाई माधोपुर के तलवाड़ा क्षेत्र में भारी वर्षा हुई।
बारिश का असर तापमान पर भी पड़ा। पूर्वी राजस्थान में दिन के अधिकतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ गई। दौसा में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री, अलवर में 27.8 डिग्री, सिरोही में 27.6 डिग्री, प्रतापगढ़ में 28.7 डिग्री, डूंगरपुर में 30.6 डिग्री और उदयपुर में 31 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
उधर, जयपुर एयरपोर्ट पर देर रात हुई तेज बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा।
मौसम विभाग ने लोगों से अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने, जलभराव वाले इलाकों से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। विभाग का कहना है कि सक्रिय मानसूनी सिस्टम के चलते 10 अगस्त तक प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना बनी रहेगी।