देहरादून, 21 सितंबर । थाना क्लेमेनटाउन क्षेत्र में सोमवार सुबह 26 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद उसका पति धीरज पंवार फरार है। पुलिस ने उसकी तलाश में कई टीमें गठित की हैं।
पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, सुबह करीब छह बजे धीरज ने कंट्रोल रूम को फोन कर पत्नी को गोली मारने की सूचना दी। पुलिस ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। कॉल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम एक प्लॉट के कमरे में पहुंची, जहां काजल का शव मिला। प्रारंभिक जांच में मौत गोली लगने से होने की पुष्टि हुई है।
काजल ईदगाह रोड, सुभाष नगर में पति के साथ रहती थी। उसका भाई अभिषेक भी घटनास्थल के पास रहता है। भाई के अनुसार, दंपति के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था।
पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका के भाई की तहरीर पर क्लेमेनटाउन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपित पति की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
———-