शिमला, 24 जून । हिमाचल प्रदेश में इस बार मानसून देरी से दस्तक देगा। हालांकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून की वर्षा हो रही है। राजधानी शिमला में 2-3 दिनों के अंतराल के बाद बुधवार सुबह लगभग 10 बजे से बारिश का दौर जारी है। लगातार बरस रहे बादलों से शहर का तापमान नीचे आ गया और लोगों को जून के अंतिम सप्ताह में ठंडक का अहसास होने लगा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 30 जून तक मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना नहीं है और अलग-अलग हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां बनी रहेंगी।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक 6.0 मिलीमीटर वर्षा शिमला जिला के रोहड़ू में दर्ज की गई। इसके अलावा बरठीं (बिलासपुर) में 5.6 मिमी, चौपाल में 5.0 मिमी, चंबा में 2.0 मिमी तथा भाबानगर (किन्नौर) में हल्की वर्षा रिकॉर्ड की गई। भुंतर में गर्जन-तड़ित की घटना दर्ज हुई, जबकि बिलासपुर में 63 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
25 से 30 जून तक खराब रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 25 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा की संभावना है। 26 जून को भी अनेक क्षेत्रों में इसी तरह की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। 27 और 28 जून को कुछ स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद 29 और 30 जून को राज्य में अपेक्षाकृत व्यापक स्तर पर वर्षा गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। हालांकि फिलहाल किसी भी दिन आंधी, बिजली या तेज हवाओं को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबसे कम 6.9 डिग्री सेल्सियस कुकुमसेरी में दर्ज किया गया। इसके बाद केलांग 10.2, ताबो 11.2, नारकंडा 11.8, कल्पा 12.6, कुफरी 13.8, भरमौर 14.0, मशोबरा 15.2, धर्मशाला 16.4, मनाली 16.5, शिमला 16.6, रिकांगपिओ 17.3, सेओबाग 18.0, सोलन 18.4, सराहन 19.2, नाहन 19.1, पालमपुर 19.5, जुब्बड़हट्टी 20.2, भुंतर 20.5, ऊना 21.3, बरठीं 21.6, सुंदरनगर 22.1, हमीरपुर 22.3, मंडी 23.1, कांगड़ा 23.6, बिलासपुर 24.0, नेरी 25.3, देहरा गोपीपुर 26.1 और पांवटा साहिब 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मानसून की रफ्तार धीमी, हिमाचल में सामान्य तिथि पर पहुंचना मुश्किल
हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की सामान्य तिथि 25 जून मानी जाती है, लेकिन इस बार इसके निर्धारित समय पर पहुंचने की संभावना कमजोर दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा वर्तमान में दहानू, वर्धा, रायपुर, डाल्टनगंज, मोतिहारी और 28.3 डिग्री उत्तर/83 डिग्री पूर्व के आसपास से गुजर रही है। विभाग का कहना है कि अगले 2-3 दिनों में मानसून महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है, जबकि उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के शेष क्षेत्रों में इसकी प्रगति बाद के दिनों में होगी। ऐसे में हिमाचल तक मानसून पहुंचने में कुछ और समय लग सकता है।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष मानसून ने 20 जून को ही प्रदेश में दस्तक दे दी थी, जबकि इस बार उसकी चाल अपेक्षाकृत धीमी बनी हुई है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी तंत्र सक्रिय रहने से राज्य में अगले एक सप्ताह तक रुक-रुक कर वर्षा की गतिविधियां जारी रहने की संभावना बनी हुई है।