डिग्गी कल्याणजी पदयात्रा के दौरान बदला टोंक रोड-जेएलएन मार्ग पर ट्रैफिक

Share

जयपुर, 17 अगस्त । श्री डिग्गी कल्याणजी पदयात्रा मंगलवार को सुबह 9 बजे चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर मंदिर से रवाना होगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने टोंक रोड, जेएलएन मार्ग और अन्य प्रमुख रास्तों पर डायवर्जन लागू किया है। इन मार्गों पर पदयात्रा के दौरान वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि पदयात्रा ताड़केश्वर मंदिर, न्यू गेट, रामनिवास बाग, मोतीडूंगरी गणेश मंदिर, तख्तशाही रोड, आरबीआई तिराहा, रामबाग, लक्ष्मी मंदिर तिराहा, टोंक फाटक, दुर्गापुरा, सांगानेर, मदरामपुरा बालाजी, हरसुलिया, फागी और चौरस्या होते हुए डिग्गी के लिए रवाना होगी।

यातायात पुलिस के अनुसार रामबाग से सांगानेर की ओर जाने वाला यातायात जेडीए चौराहा, टोंक फाटक से बजाज नगर, गोपालपुरा पुलिया से ओटीएस और दुर्गापुरा से एसएल कट की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं सांगानेर से जयपुर की ओर आने वाले वाहनों को प्रधान वाटिका, डालडा फैक्ट्री, गोपालपुरा बाईपास, सहकार मार्ग और अंबेडकर सर्किल की ओर निकाला जाएगा।

वहीं आरोग्य पथ, त्रिमूर्ति सर्किल, जेडीए चौराहा, गांधी सर्किल, ओटीएस और जवाहर सर्किल से यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। मुहाना मंडी-डिग्गी मालपुरा रोड तथा टोंक की ओर से आने वाले यातायात के लिए भी रिंग रोड, जगतपुरा और अन्य समानांतर मार्गों से व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा सिंधी कैंप से टोंक रोड जाने वाली बसें गवर्नमेंट हॉस्टल, एमईएस तिराहा, अजमेर रोड, सोडाला, 200 फीट चौराहा और रिंग रोड होकर संचालित होंगी। टोंक रोड से सिंधी कैंप आने वाली बसों को महात्मा गांधी रोड, महल रोड, जवाहर नगर बाईपास, शांति पथ, जेडीए चौराहा, त्रिमूर्ति सर्किल और नारायण सिंह तिराहा होते हुए निकाला जाएगा। सिटी व मिनी बसों का संचालन भी आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक मार्गों से होगा। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।