नीट परीक्षार्थियों के लिए रेलवे की विशेष ट्रेन, कासगंज-रावतपुर के बीच चलेगी परीक्षा स्पेशल

Share

बरेली, 20 जून । नीट (NEET) परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने विशेष सवारी गाड़ी चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन की ओर से 21 जून को कासगंज-रावतपुर-कासगंज के बीच परीक्षा विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा।

रेलवे के अनुसार 05320 कासगंज-रावतपुर परीक्षा विशेष सवारी गाड़ी 21 जून को सुबह 6 बजे कासगंज स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन गंजडुंडवारा, दरियावगंज, कायमगंज, फर्रुखाबाद, फतेहगढ़, गुरसहायगंज, कन्नौज, बिल्हौर, बर्राजपुर और मंधना होते हुए सुबह 11:05 बजे रावतपुर स्टेशन पहुंचेगी।

वापसी में 05319 रावतपुर-कासगंज परीक्षा विशेष सवारी गाड़ी शाम 7 बजे रावतपुर स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए अगले दिन रात 12:30 बजे कासगंज पहुंचेगी।

पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने शनिवार काे बताया कि नीट परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है। उन्होंने परीक्षार्थियों से अपील की कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और समय से स्टेशन पहुंचकर अपनी यात्रा सुनिश्चित करें।

रेलवे प्रशासन ने परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की है।