सिविल सर्जन से आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल पर गए सफाईकर्मी काम पर लौटे

Share

पलामू, 12 जून । मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में कार्यरत बालाजी एजेंसी के सफाईकर्मियों ने पिछले पांच माह से मानदेय भुगतान नहीं होने के विरोध में शुक्रवार को कार्य बहिष्कार कर हड़ताल शुरू कर दी। करीब 40 से 50 सफाईकर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से अस्पताल की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई और कई वार्डों तथा अस्पताल परिसर में सफाई कार्य ठप पड़ गया।

सफाईकर्मियों का कहना था कि वे पिछले पांच महीनों से वेतन भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने कई बार अस्पताल प्रशासन, सिविल सर्जन और अधीक्षक को अपनी समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। आर्थिक तंगी से परेशान कर्मियों ने अंततः हड़ताल का रास्ता अपनाते हुए अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन किया और बकाया मानदेय के भुगतान की मांग उठाई।

हड़ताल पर बैठे कर्मियों ने कहा कि जब तक उनके बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया जाएगा, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से अस्पताल प्रशासन की चिंता बढ़ गई, क्योंकि अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन ने हड़ताली कर्मियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सफाईकर्मियों को आश्वासन दिया कि आगामी 20 जून तक सभी बकाया मानदेय का भुगतान कर दिया जाएगा। सिविल सर्जन के इस आश्वासन के बाद सफाईकर्मियों ने हड़ताल समाप्त करने और पुनः अपने कार्य पर लौटने का निर्णय लिया।

हालांकि सफाईकर्मियों ने प्रशासन को चेतावनी भी दी है कि यदि निर्धारित तिथि तक भुगतान नहीं किया गया तो वे दोबारा आंदोलन और हड़ताल के लिए बाध्य होंगे। उनका कहना है कि लगातार पांच माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके परिवारों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है और दैनिक जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है।

————-