बिजनौर, 10 जून । उत्तर प्रदेश में बिजनौर जिले के नजीबाबाद थाना क्षेत्र में एक महिला ने बुधवार को फांसी लगाकर जान दे दी है। एक दिन पहले मंगलवार को वह अपने मायके ससुराल आयी थी, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी आकांक्षा गौतम और थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने मौका मुआयान किया।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि जाफराबाद पुलिस चौकी स्थित ग्राम चंडीगढ़ में रहने वाले भूरे की पत्नी 46 वर्षीय पूनम ने घर की पशुशाला में बने टीन शेड के नीचे लोहे के पाइप से रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब परिजनों ने बहू को शव फांसी पर लटका देखा तो कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर मामले की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद मायके पक्ष के लोग भी आ गए। परिजनों से पता चला है कि कुछ दिन पहले पति भुरे एक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसी घटना के बाद से पूनम मानसिक तनाव में चल रही थी। परिवार का मानना है कि इसी चिंता और तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया हो सकता है।