संभल, 10 जून । उत्तर प्रदेश के संभल जिले की गुन्नौर तहसील क्षेत्र में सरकारी रास्ते पर बनी ईदगाह की बाउंड्री वॉल पर प्रशासन ने बुधवार को बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान बाउंड्री वॉल से सटे एक कमरे को खाली करने के लिए कुछ समय दिया, ताकि उसके अंदर रखा सामान सुरक्षित निकाला जा सके।
गुन्नौर तहसील के दौलतपुर खां कस्बे में बनी ईदगाह पर बुधवार दोपहर उपजिलाधिकारी विकास चंद्र के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पूर्व में की गई पैमाइश के आधार पर सरकारी रास्ते पर बने अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई शुरू की। उपजिलाधिकारी ने बताया कि गाटा संख्या 432 सरकारी रास्ते के रूप में दर्ज हैं, जिस पर ईदगाह की बाउंड्री वॉल और एक कमरा बना लिया गया था। इस अवैध कब्जे के कारण रास्ता तंग हो गया था, जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी।
गुन्नौर एसडीएम विकास चंद्र ने बताया कि इस संबंध में संपूर्ण समाधान दिवस में सार्वजनिक शिकायतें भी प्राप्त हुई थीं। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने पहले ही ईदगाह से जुड़े लोगों को अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे। निर्देशों का पालन न होने पर आज बुलडोजर से पूरी दीवार को ढहा दिया गया। दीवार गिरने के बाद, सरकारी रास्ते पर बने कमरे को खाली करने के लिए कुछ समय दिया गया। इसके बाद ईदगाह से जुड़े लोगों ने 20 से 25 मजदूरों को लगाकर ईंटों को हटाना और संरक्षित करना शुरू कर दिया है। इस जमीन को चिन्हित कर संबंधित पक्षों को पहले ही अवगत करा दिया गया था, लेकिन उनके द्वारा निर्माण नहीं हटाया गया। जिसके बाद प्रशासन ने पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की है।