शासन से आवंटित वृक्षारोपण लक्ष्योें को शत-प्रतिशत पूर्ण करें : जिलाधिकारी

Share

औरैया, 10 जून । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में ज़िला वृक्षारोपण समिति, ज़िला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने समस्त विभागों को निर्देशित किया कि शासन से आवंटित वृक्षारोपण़ लक्ष्योें को शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाए और गड्डा खुदाई की फोटो जनपद वृक्षारोपण़ ग्रुप में प्रेषित करें। पौधों की सुरक्षा व सिंचाई की व्यवस्था आवश्यक कराई जाए और पौधों को सुरक्षित स्थान पर लगाया जाए।

ज़िला गंगा समिति की बैठक में सिंचाई खंड इटावा को निर्देशित किया कि पुरहा नदी की प्रगति रिपोर्ट यथाशीघ्र प्रस्तुत करे, साथ ही जिलाधिकारी द्वारा जनपद में ठोस अपशिष्ट को नदी में रोकने के सम्बन्ध में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी द्वारा व्यक्त किया गया कि जैव चिकित्सा अपशिष्ट बहुत ही घातक सिद्ध हो सकता है इसलिए इसके प्रबंधन की जिम्मेदारी मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, प्रभागीय वनाधिकारी सीपी सिंह, उपायुक्त मनरेगा, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत एवं जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।