खूंटी, 31 मई । संत मिखाएल महागिरजाघर में रविवार को पवित्र तृत्व पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर मुख्य अनुष्ठाता बिशप विनय कंडुलना ने मिस्सा बलिदान संपन्न कराया और 154 प्रशिक्षित दीक्षार्थियों को पवित्र दृढ़ीकरण संस्कार प्रदान करते हुए पवित्र आत्मा की मुहर से अभिषेक किया।
मौके पर अपने संदेश में बिशप विनय कंडुलना ने कहा कि पवित्र तृत्व का पर्व कोई मात्र घटना नहीं, बल्कि ईसाई विश्वास का केंद्र है। उन्होंने कहा कि एक ही ईश्वर में पिता, पुत्र और पवित्र आत्मा तीनों विद्यमान हैं। हम प्रत्येक कार्य की शुरुआत क्रूस का चिन्ह बनाकर करते हैं और इसी पहचान में जीवन जीने के लिए बुलाए गए हैं। जब हम इस पहचान से दूर हो जाते हैं, तब हम आध्यात्मिक अंधकार की ओर बढ़ने लगते हैं।
इस अवसर पर वीकर जनरल फादर बिशु बेंजामिन आइंद , फादर निकोलस हुन्नी पूर्ति, फादर नामजन मजन टोपनो, फादर जॉर्ज हेमरो सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।