आकाशीय बिजली गिरने से बच्चे की मौत

Share

पश्चिमी सिंहभूम, 24 मई । जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा लुंती गांव में शनिवार देर शाम आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक 9 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान सूरज तिरिया के रूप में हुई है। वह प्रधान तिरिया का पुत्र था और प्राथमिक विद्यालय बालमुचूसाई में दूसरी कक्षा का छात्र था।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम सूरज अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए तीन बच्चे पास के एक पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए। बताया जा रहा है कि सूरज पेड़ की एक डाल पकड़कर खड़ा था। तभी तेज गर्जना के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई और इसकी चपेट में आने से सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। बिजली का असर इतना तेज था कि उसके कपड़े तक जल गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चे को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारडुंगी ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में एक अन्य बच्चे को भी हल्का झटका लगा, हालांकि उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

रविवार को प्रधान तिरिया ने बताया कि सूरज तिरिया छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह चंचल स्वभाव का था और पढ़ाई में काफी रुचि रखता था। उसकी अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है।