पूर्वी सिंहभूम, 24 मई । टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब स्टेशन के पोर्टिको के पास रखी दो टोकरियों में सांप होने की सूचना फैली। देखते ही देखते मौके पर यात्रियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में सर्प रक्षक मिथलेश श्रीवास्तव उर्फ छोटू ने मौके पर पहुंचकर दोनों कोबरा सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार सुबह स्टेशन परिसर से गुजर रहे कुछ यात्रियों की नजर पोर्टिको के समीप रखी टोकरियों पर पड़ी। टोकरियों में हलचल होने पर लोगों को शक हुआ। पास जाकर देखने पर उसमें सांप दिखाई दिए, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय टेम्पो चालकों ने तुरंत इसकी सूचना सर्प रक्षक मिथलेश श्रीवास्तव को दी।
सूचना मिलते ही मिथलेश श्रीवास्तव स्टेशन पहुंचे और सावधानीपूर्वक टोकरियों की जांच की। उन्होंने बताया कि दोनों टोकरियों के भीतर जहरीले कोबरा सांप मौजूद थे। आशंका जताई जा रही है कि कोई अज्ञात सपेरा दोनों सांपों को वहां छोड़कर चला गया था।
सर्प रक्षक मिथलेश श्रीवास्तव ने बताया कि यदि समय रहते सांपों को नहीं पकड़ा जाता, तो स्टेशन परिसर में कोई बड़ी अप्रिय घटना हो सकती थी। उन्होंने सुरक्षित तरीके से दोनों कोबरा का रेस्क्यू कर उन्हें अपने कब्जे में लिया। इसके बाद दोनों सांपों को पास के जंगल में छोड़ दिया।