दंतेवाड़ा, 23 मई । कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु खनिज विभाग द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज शनिवार काे खनिज जांच दल द्वारा दंतेवाड़ा जिले के भैरमबंद, बालूद एवं बालपेट क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गौण खनिज साधारण रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए 3 वाहन पाए गए, जिनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
खनिज जांच दल ने मौके पर पंचनामा तैयार कर संबंधित वाहनों को जप्त किया तथा उन्हें सुरक्षार्थ कार्यालय कलेक्टर परिसर दंतेवाड़ा में रखा गया है। जांच के दौरान हाईवा क्रमांक सीजी 17 केडब्ल्यू 7009 के चालक बिरेन्द्र कुमार जयसवाल, निवासी भोगाम, तहसील एवं जिला दंतेवाड़ा को अवैध रेत परिवहन करते पाया गया। इसी प्रकार हाईवा क्रमांक सीजी 17 केडब्ल्यू 6009 के चालक रामेश्वर पोयाम, निवासी ऐरला, तहसील माकड़ी, जिला कोण्डागांव तथा जेसीबी मशीन चेचिस क्रमांक एचएआर3डीएक्सएस4सी03118482 के चालक रामकेश, निवासी रामचन्द्रपुर, जिला बलरामपुर के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
उक्त प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(4) के तहत कुल 3 वाहन/मशीन जप्त किए गए हैं तथा धारा 21(5) के अंतर्गत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा पूर्व में भी जिले के खनिज ठेकेदारों एवं परिवहनकर्ताओं को बिना वैध अभिवहन पास के खनिज परिवहन नहीं करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अवैध उत्खनन एवं परिवहन की गतिविधियों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कठोर दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर नियंत्रण हेतु खनिज अमला द्वारा निरंतर जांच एवं निगरानी की जा रही है।