सुपौल में वज्रपात से महिला की मौत, गांव में पसरा मातम

Share

सुपौल, 22 मई । जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर पंचायत के वार्ड संख्या-8 स्थित मंडल टोला में शुक्रवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई।

मृतका की पहचान नीतीश कुमार मंडल की 25 वर्षीय पत्नी फुलो कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

बताया जा रहा है कि फुलो कुमारी गांव की अन्य महिलाओं के साथ घर से करीब 400 मीटर दूर खेत में कृषि कार्य करने गई थी। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ले ली और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू होने की आशंका बनने लगी। खतरे को देखते हुए खेत में काम कर रही महिलाएं घर लौटने लगीं।

इसी बीच फुलो कुमारी खेत में चर रही अपनी बकरी की रस्सी खोलने लगी। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उनके ऊपर गिर गई।

वज्रपात इतना भयावह था कि उनका आधा शरीर गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना को देख आसपास मौजूद महिलाएं दहशत में आ गईं और चीख-पुकार मच गई।

महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर प्रतापगंज अंचलाधिकारी आशु रंजन और थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।परिजनों के अनुसार मृतका का पति बोल नहीं सकता है और पत्नी की मौत के बाद उसका रो-रोकर बुरा हाल है। फुलो कुमारी अपने पीछे आठ माह का एक पुत्र छोड़ गई है। इस हादसे के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है।

अंचलाधिकारी आशु रंजन ने बताया कि आकाशीय बिजली से हुई मौत आपदा प्रबंधन विभाग के दायरे में आती है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।