धमतरी, 08 जुलाई । नगर पालिका परिषद कुरूद की 10 वीं पीआईसी बैठक अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर की अध्यक्षता में अध्यक्ष कक्ष में बुधवार काे आयोजित हुई।
बैठक में जुलाई माह को हरियाली सप्ताह के रूप में मनाने तथा 15 अगस्त तक भारत माता की विशाल प्रतिमा स्थापित कर चौक के सुंदरीकरण का निर्णय लिया गया। अध्यक्ष निधि से केनाल रोड स्थित भारत माता चौक से पीडब्ल्यूडी कार्यालय तक सड़क का कायाकल्प, आकर्षक लाइटिंग, स्टाप डैम का सुंदरीकरण एवं बोटिंग सुविधा विकसित करने का ऐतिहासिक निर्णय भी लिया गया।
बैठक में अध्यक्ष एवं पार्षद निधि से जनप्रतिनिधियों की अनुशंसा पर सभी वार्डों में मूलभूत विकास कार्य कराने, नगर के प्रमुख स्थलों का सौंदर्यीकरण करने तथा शासन से प्राप्त पांच लाख रुपये की राशि से मरम्मत कार्य कराने को स्वीकृति दी गई। । बैठक में उपाध्यक्ष देवव्रत साहू, सभापति मिथलेश बैस, महेंद्र गायकवाड़, राजकुमारी ध्रुव, विधायक प्रतिनिधि भानु चंद्राकर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी गुप्ता सहित कर्मचारी उपस्थित रहे। अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने कहा कि कुरुद नगर के समग्र विकास और सुव्यवस्थित शहर के निर्माण के लिए विकास कार्यों की गति लगातार तेज की जाएगी।