सहरसा, 22 मई । जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव वार्ड संख्या 11 में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 27 वर्षीय रौनक खातून, पति मोहम्मद जफर, के रूप में हुई है।
पुलिस ने महिला का शव उसके घर से बरामद किया है। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। रौनक अपने पीछे दो मासूम बेटियों तीन वर्षीय रोशनी और दो वर्षीय रेशमी को छोड़ गई है, जिनके सिर से मां का साया उठ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बलवाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ मुकेश ठाकुर भी घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
मृतका की मां ने बलवाहाट थाना में आवेदन देकर अपनी बेटी की हत्या का आरोप उसके पति और ससुराल वालों पर लगाया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में रौनक की शादी मोहम्मद जफर के साथ बड़े धूमधाम से की गई थी। लेकिन शादी के बाद से ही दोनों के बीच संबंध सामान्य नहीं थे।आरोप है कि पति मोहम्मद जफर दहेज का लोभी था और आए दिन दहेज की मांग को लेकर रौनक को प्रताड़ित करता था।परिजनों का कहना है कि मोहम्मद जफर दिल्ली में रहकर काम करता था और तीन दिन पहले ही गांव लौटा था। गांव आने के बाद किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद जफर और उसके परिवार वालों ने मिलकर रौनक की हत्या कर दी। मृतका के मायके पक्ष ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।