अनूपपुर: पुलिस ने 25 पेटी अवैध शराब की जब्त, लग्जरी कार सहित तीन तस्कर गिरफ्तार - सरस जनवाद

अनूपपुर: पुलिस ने 25 पेटी अवैध शराब की जब्त, लग्जरी कार सहित तीन तस्कर गिरफ्तार

Share

अनूपपुर, 07 जुलाई । मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के रामनगर थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 पेटी शराब, एक लग्जरी कार जब्त की है। तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत ₹1,58,580 बताई गई है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त इनोवा कार की कीमत लगभग ₹10 से ₹15 लाख आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि सोमवार-मंगलवार की रात्रि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक लग्जरी वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित कौशिक के नेतृत्व में रामनगर थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।

जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG-08-0991 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की डिक्की और अंदर से 25 पेटी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 42 वर्षीय मो. सोएब खान उर्फ पप्पू पुत्र मो. यूसुफ खान, 30 वर्षीय मो. राजिक उर्फ राज पुत्र गोरखदास बैरागी तथा 19 वर्षीय रामू बंसल पुत्र रवि बंसल, सभी निवासी जमुना कॉलरी, थाना भालूमाड़ा, जिला अनूपपुर के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे जमुना क्षेत्र से शराब लेकर छत्तीसगढ़ बिक्री के लिए जा रहे थे। जब्त शराब में 22 पेटी गोवा ब्रांड (198 लीटर) तथा 3 पेटी बोल्ट बीयर (36 लीटर) शामिल है। कुल 234 लीटर शराब की अनुमानित कीमत ₹1,58,580 आंकी गई है।

थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित कौशिक ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मारकाम तथा एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के निर्देशन में प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के तहत की गई। उन्होंने बताया कि अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

आबकारी विभाग की भूमिका पर उठे सवाल

इस कार्रवाई के बाद जिला आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्र में लंबे समय से यह शिकायतें मिलती रही हैं कि जिले के शराब ठेकेदार द्वारा कथित रूप से पैकारी के माध्यम से शराब की अवैध बिक्री की जा रही है तथा छत्तीसगढ़ में भी शराब भेजी जाती है। आरोप है कि इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी को शिकायतें किए जाने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही जिले में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बिक्री की शिकायतें भी लगातार सामने आती रही हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही आबकारी विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।

कार्रवाई में इनकी रही प्रमुख भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित कौशिक के अलावा एएसआई उमेश तिवारी, प्रधान आरक्षक अमित पटेल, निरंजन खलखो, राहुल प्रजापति, योगेन्द्र मिश्रा, हरीश तथा आरक्षक अनुराग सिंह, भानुप्रताप और मुमताज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।