राजगढ़ में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी, 140 पेटियां बरामद

Share

नाहन, 19 मई । जिला सिरमौर के राजगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 140 पेटियां शराब बरामद कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार 18 मई की रात प्रभारी पुलिस चौकी यशवंतनगर, थाना राजगढ़ को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति पिकअप वाहन नंबर HP 62-4944 में सोलन की ओर से नेरी पुल की तरफ अवैध शराब लेकर आ रहा है। सूचना के अनुसार वाहन कुछ ही देर में ठाकुर ढाबा, नेरी पहुंचने वाला था।

सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नेरी में नाकाबंदी कर पिकअप वाहन को रोका। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान संदीप निवासी गांव बजोग, डाकघर टाली भूज्जल, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर के रूप में बताई।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें देसी शराब “संतरा नंबर-1” की 50 पेटियां तथा अंग्रेजी शराब “रॉयल स्टैग” की 90 पेटियां बरामद हुईं। कुल मिलाकर 140 पेटियां शराब वाहन से बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। इस संबंध में थाना राजगढ़ में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।