देहरादून, 18 मई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने प्रधानमंत्री की ऊर्जा संरक्षण अपील पर सवाल खड़े करने वाले विपक्ष की मंशा को राष्ट्रहित विरोधी बताते हुए कहा कि देश आज ऊर्जा बचत अपील के साथ खड़ा है।
भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि विश्व इस समय खाड़ी युद्ध और रूस-यूक्रेन संघर्ष जैसे बड़े आर्थिक एवं ऊर्जा संकटों से जूझ रही है, जिससे भारत भी अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता और प्रभावी कूटनीति के चलते देश में पेट्रोलियम पदार्थों और एलपीजी की उपलब्धता बनाए रखने के साथ कीमतों में अत्यधिक वृद्धि नहीं होने दी गई, जबकि दुनिया के अनेक देशों में इनकी कीमतों में औसतन 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने विपक्षी नेताओं की आलोचना करते हुए कहा कि यदि वे अधिक पेट्रोल-डीजल खर्च करना चाहते हैं या फिजूलखर्ची करना चाहते हैं तो उन्हें कोई नहीं रोक रहा है, लेकिन देश का आम नागरिक राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए ऊर्जा संरक्षण को प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं को जनता को मिली राहत और बचत स्वीकार नहीं हो रही है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि यदि विपक्ष को लगता है कि ईंधन के दाम पहले ही बढ़ा दिए जाने चाहिए थे, तो उन्हें जनता को मिली बचत की राशि वापस करनी चाहिए। उन्होंने इसे विपक्ष की नकारात्मक और राष्ट्रविरोधी सोच का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर विश्वास करती है और ईंधन खर्च और स्वर्ण खरीदारी में मितव्ययता बरतने की अपील का समर्थन कर रही है।