मानगो पेयजल परियोजना की स्थिति सार्वजनिक करे निगम : सरयू राय

Share

पूर्वी सिंहभूम, 17 मई । जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रविवार काे मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को पत्र लिखकर मानगो पेयजल परियोजना की अद्यतन स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में जलापूर्ति की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और लोगों को नियमित रूप से पानी नहीं मिल पा रहा है।

सरयू राय ने पत्र में कहा है कि नवंबर 2024 में पुनः विधायक निर्वाचित होने के बाद उन्होंने मानगो नगर निगम, जिला प्रशासन और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों के साथ कई बैठकें की थीं और परियोजना क्षेत्र का निरीक्षण भी किया था। निरीक्षण में पाया गया कि इंटेकवेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और पानी टंकियों की स्थिति काफी खराब हो चुकी है। परियोजना के संचालन में भी कई खामियां हैं, जिससे लोगों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है।

उन्होंने बताया कि इंटेकवेल में छह से आठ फीट तक बालू जमा हो गया है, जिससे मशीनों के संचालन पर असर पड़ रहा है। बालू निकालने और नदी के जल को गंदगी से बचाने के लिए उन्होंने विधायक निधि से राशि उपलब्ध कराई। इसके अलावा विभिन्न क्षमता के मोटर पंप भी खरीदे गए, ताकि जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार हो सके।

सरयू राय ने आरोप लगाया कि सभी क्षेत्रों में समानुपातिक जलापूर्ति सुनिश्चित करने पर सहमति बनने के बावजूद इसका प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हुआ। कई इलाकों में केवल पांच से दस मिनट तक पानी आता है, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में देर रात जलापूर्ति की जा रही है। उन्होंने उप नगर आयुक्त से पेयजल परियोजना और जलापूर्ति की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।