फिट इंडिया ‘संडेज ऑन साइकिल’ के 74वें संस्करण में देशभर में उमड़ा उत्साह

Share

नई दिल्ली, 17 मई । फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल के 74वें संस्करण में रविवार को देश भर में पांच हजार से अधिक स्थानों पर 50 हजार लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस बार का आयोजन वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) और सीमा शुल्क विभाग के साथ किया गया। नई दिल्ली में यह कार्यक्रम जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां 800 से अधिक लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम में जीएसटी और सीमा शुल्क विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ सभी आयु वर्ग के आम नागरिक भी शामिल थे। यहां एक ‘फन स्पोर्ट्स जोन’ भी बनाया गया, जिसने लोगों को बैडमिंटन, शतरंज, कैरम और लूडो जैसे खेलों को आजमाने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा, नींबू दौड़ (लेमन रेस), बॉल गेम, रस्साकशी (टग ऑफ वॉर), स्क्वैट चैलेंज और पुश-अप चैलेंज जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।

इस पहल के बारे में बात करते हुए दिल्ली सीमा शुल्क विभाग के मुख्य आयुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के आह्वान के बाद जीएसटी और सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने ‘फिट इंडिया’ आंदोलन में हिस्सा लिया है। हम सभी जानते हैं कि स्वास्थ्य ही हमारी सबसे बड़ी संपत्ति है। यदि आप स्वस्थ हैं, तो आप अपने कार्यों को ठीक ढंग से पूरा कर पाएंगे।

जीएसटी के अतिरिक्त निदेशक और फिंट इंडिया के ब्रांड एम्बेसडर नरेंद्र कुमार यादव ने कहा कि साइकिल चलाना वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह हमारा फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल का नियमित कार्यक्रम है। चूंकि मैं फिंट इंडिया का ब्रांड एम्बेसडर हूं, इसलिए हम हर रविवार को पूरे देश में साइकिल चलाने का कार्यक्रम आयोजित करते हैं। जैसा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से अपील की है, साइकिल चलाना न केवल हमारे स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि हमारे देश की अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण है। यह हमें ईंधन बचाने में भी मदद कर रहा है।