धनबाद के पूर्वी टुंडी में सर्पदंश से सगे भाई-बहन की मौत, गांव में मातम

Share

धनबाद, 16 मई । धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड के कोरैया गांव में सर्पदंश से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। रात में सोते समय जहरीले सांप ने दोनों बच्चों को डस लिया, जिसकी जानकारी परिवार को सुबह बच्चों की हालत बिगड़ने पर हुई।

परिजनों ने आनन-फानन में दोनों बच्चों को धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

ग्रामीणों के अनुसार, पूर्वी टुंडी अंचल की उकमा पंचायत स्थित कोरैया गांव में दिहाड़ी मजदूर श्यामलाल सोरेन के घर शुक्रवार रात यह हादसा हुआ। उनकी बेटी महिमा सोरेन (6) और बेटा रितेश सोरेन (3) रोज की तरह एक साथ सोए हुए थे। रात के किसी समय जहरीले सांप ने दोनों को डस लिया, लेकिन अंधेरे और गहरी नींद के कारण किसी को घटना का पता नहीं चल सका।

शनिवार सुबह जब दोनों बच्चों के मुंह से झाग निकलने लगा तो परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। वे तुरंत बच्चों को अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

बताया जा रहा है कि बच्चों के पिता श्यामलाल सोरेन रोजी-रोटी के लिए तमिलनाडु में मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना उन्हें फोन पर दे दी गई है। पुलिस ने स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

स्थानीय मुखिया और अंचल निरीक्षक ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और उनका घर कच्चा है। प्रशासन ने सरकारी प्रावधानों के तहत हर संभव सहायता देने और परिवार को अंबेडकर आवास योजना का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया है।

————