राजस्थान में उत्तरी हवाओं ने बढ़ाई दिन में भी ठिठुरन

Share

जयपुर, 24 नवंबर । राजस्थान में उत्तरी हवाओं का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। अब सर्दी केवल रात और सुबह तक सीमित नहीं रही, बल्कि दिन में भी ठंडी हवा ने लोगों को कंपकंपाना शुरू कर दिया है। अलवर, सीकर, पिलानी, श्रीगंगानगर सहित उत्तर-पूर्वी जिलों में सोमवार को दिनभर सर्द हवा चलती रहीं। धूप खिली होने के बावजूद हवा में ठंडक के कारण लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में रात के तापमान में भी लगातार गिरावट आ रही है। सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान रहा। वहीं प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले यहां तापमान शून्य डिग्री तक पहुंच गया था। सर्दी के असर से माउंट आबू में सुबह कोहरा छाया रहा और कुछ स्थानों पर हल्की बर्फ जम गई।

प्रदेश के कई जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। सीकर में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री, चूरू में 8.9 डिग्री, नागौर में 8 डिग्री और टोंक में 9.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। सुबह के समय इन क्षेत्रों में ठंडी हवा और हल्की धुंध के कारण सर्दी का असर और अधिक महसूस हुआ।

बीकानेर, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर और जयपुर सहित कई शहरों में सुबह हल्की धुंध रही। धुंध के कारण धूप में भी तेजी कम रही और दिन के समय तापमान सामान्य से कम महसूस हुआ। हालांकि प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई और पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क रहा।

राजस्थान में दिन के तापमान की बात करें तो बाड़मेर सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा पिलानी में 28.9, उदयपुर और बीकानेर में 27.4, फलोदी में 26.6, करौली में 26.6, सीकर में 26 और अलवर में 25.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में अगले करीब एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में मामूली गिरावट जारी रह सकती है।

रात के समय ठंड और बढ़ेगी, जबकि उत्तर और उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में दिन के समय भी ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का असर महसूस होगा। सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरे की स्थिति भी कुछ क्षेत्रों में बनी रह सकती है।

राजस्थान में मौसम के इस बदले मिजाज के साथ अब सुबह-शाम के अलावा दिन में भी गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है। खासकर खुले क्षेत्रों और राजमार्गों पर चलने वाले लोगों को उत्तरी हवाओं के कारण अधिक ठंड का सामना करना पड़ रहा है।