रांची, 16 मई । झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह बदहाल बताते हुए हेमंत सोरेन सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य का स्वास्थ्य महकमा खुद अस्वस्थ होकर आईसीयू में पहुंच चुका है और इसे पहले इलाज की जरूरत है।
शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में अविनेश कुमार सिंह ने कहा कि हाल ही में केंद्रीय मंत्रालय की ओर से झारखंड स्वास्थ्य विभाग को भेजे गए पत्र में विभाग की कमियों को उजागर किया गया है, जो गंभीर स्थिति का संकेत है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के अस्पतालों में जांच सुविधाएं तय मानकों से काफी पीछे हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में अव्यवस्था, दवा घोटाले, डॉक्टरों की कमी और इलाज के अभाव में हो रही मौतें सरकार की विफलता को दर्शाती हैं। उन्होंने सरायकेला-खरसावां के राजनगर में मोबाइल की रोशनी में प्रसव के दौरान मां और नवजात की मौत की घटना को “शर्मनाक और दुखद” बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अस्पतालों में न तो पर्याप्त बिजली व्यवस्था है, न डॉक्टर और न ही जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में स्वास्थ्य विभाग लगातार विवादों और कथित अनियमितताओं में घिरा रहा है। उन्होंने दवा खरीद, आउटसोर्सिंग, टेंडर प्रक्रिया, आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़े और निजी अस्पतालों की मिलीभगत जैसे मामलों में गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने यह भी कहा कि रांची के सदर अस्पताल में दवाएं उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को पूरी दवा नहीं दी जा रही है और कथित रूप से दवाओं की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
अविनेश कुमार सिंह ने कहा कि राज्य की जनता इलाज के अभाव में परेशान है, जबकि सरकार केवल बयानबाजी में व्यस्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा राज्यभर में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
———–