सेवा और संगठन ही पार्टी की असली ताकत : अर्जुन मुंडा

Share

पश्चिमी सिंहभूम, 15 मई । जिले के किरीबुरू स्थित रिक्रिएशन क्लब (सामुदायिक भवन) में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा-अभियान शिविर 2026 का शुभारंभ किया गया।

संगठन विस्तार, वैचारिक मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में जिले भर से भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुवर गगराई और प्रशिक्षण शिविर प्रमुख मनोज सिंह ने संयुक्त रूप से पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया। मंच से नेताओं ने भाजपा की वैचारिक परंपरा, संगठनात्मक संस्कृति और कार्यकर्ता आधारित राजनीति पर विस्तार से चर्चा की।

इस मौके पर अर्जुन मुंडा ने कहा कि भाजपा की असली शक्ति उसके प्रशिक्षित और अनुशासित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को गांव-गांव तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण और जनसंपर्क को प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति सत्ता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के लिए है।

शिविर में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, सोशल मीडिया की भूमिका, जनसंपर्क अभियान और आगामी चुनावी तैयारियों पर भी चर्चा हुई। महिला मोर्चा की सक्रिय भागीदारी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।

इस अवसर पर प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह, जेबी तुबिद, जिला भाजपा अध्यक्ष गीता बालमुचू, पूर्व जिला अध्यक्ष संजय कुमार पांडेय, प्रताप कटियार, दिनेश नंदी, अजित सिंह, शंभू हाजरा, धीरज सिंह सहित जिले के कई वरिष्ठ भाजपा नेता, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता उपस्थित थे।