रांची, 15 मई । बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) के कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय में दो दिवसीय कल्चरल फेस्ट अभिव्यक्ति 2026 का आयोजन शुक्रवार को किया गया।
कार्यक्रम के तहत 5 थीम- ललित कला, संगीत, नृत्य, साहित्य और नाटक के अंतर्गत 18 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को अपने विचारों, मनोभावनाओं और अनुभवों को शब्दों, संकेतों, कला, चित्र, नाटक और भाषण के माध्यम से अभिव्यक्त करने का मंच प्रदान करना था।
कार्यक्रम में 120 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया जिन्हें विविध स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिया गया।
जागृति चौहान, आयुष जामुदा, अनामिका कुमारी, अरविंद कुमार, प्रत्यूष कुमार, ईशिका कुमारी और तनु मुंडा का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा।
दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन बीएयू के कुलपति डॉ एससी दुबे ने किया। कृषि संकाय के डीन डॉ डीके शाही, कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय के सह अधिष्ठाता प्रो डीके रूसिया और डीएसडब्ल्यू डॉ बीके अग्रवाल भी उपस्थित थे।
आयोजन में संकाय के शिक्षकों डॉ एसके पांडेय, डॉ अल्पना दूबे, डॉ छाया, गौरव साहू, डॉ नीति तिर्की, वन्दना चौबे और डॉ रश्मि यादव की सक्रिय भूमिका रही।