सहरसा, 13 मई । बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने विशिष्ट शिक्षक से प्रधान शिक्षक बने शिक्षकों को लगभग १० माह पूरे हो गए हैं। अभी तक विशिष्ट शिक्षक के रूप में बकाया राशि का भुगतान पूरे बिहार में कहीं नहीं किया गया है।बिहार में जो नियोजित शिक्षक कार्य कर रहे हैं, उनका वेतन भुगतान अवकाश के कारण जिला स्तर पर मार्च तक का ही हुआ है। विभाग ससमय वेतन देने को तत्पर है, तो ऐसे में शिक्षकों को वेतन भुगतान नहीं होना उनके लिए आर्थिक संकट के साथ-साथ मानसिक पीड़ा का कारण है।
नियोजित शिक्षकों का दो और तीन महीने से वेतन भुगतान न होना अत्यंत दुःखद है।इस संबंध में संघ के अध्यक्ष जयराम शर्मा महासचिव दिनेश कुमार सिंह एवं राज्य सचिव अंजना सिंह ने नियोजित शिक्षकों को ससमय वेतन एवं विशिष्ट तथा प्रधान शिक्षकों की सभी प्रकार की बकाया राशि का भुगतान जल्द से जल्द करवाने की मांग की है।
शिक्षक संघ ने इस आशय की जानकारी शिक्षा विभाग के मुख्य सचिव एवं शिक्षा मंत्री को पत्र प्रेषित कर किया है। वही सेक्रेटरी अंजना सिंह ने कहा की बहुत जल्द शिक्षको की बकाया बेतन का भुगतान हो जायेगा।बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के सचिव अंजना सिंह ने बताया कि शिक्षक संघ द्वारा पुरानी पेंशन योजना लागू करने, समान काम का सामान वेतन की नीति लागू करने, प्राथमिक शिक्षकों के पदोन्नति की स्पष्ट व्यवस्था करने, स्थानांतरण नीति को पारदर्शी न्याय संगत और सरल बनाने, सभी शिक्षकों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा एवं बीमा प्रदान करने, शिक्षकों की सेवा शर्तों में सुधार कर स्थायीकरण की प्रक्रिया पूरी करने तथा शिक्षकों की समस्याओं की समाधान के लिए राज स्तरीय स्थाई समिति का गठन किए जाने की मांग की है।