ब्राउन शुगर के बड़े नेटवर्क का खुलासा, पांच गिरफ्तार

Share

पूर्वी सिंहभूम, 10 मई । पुलिस ने शहर में सक्रिय ब्राउन शुगर के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से कुल 175 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसका कुल वजन 26.84 ग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य करीब 3.50 लाख रुपये बताया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपितों में बर्मामाइन्स, गोविंदपुर और मानगो क्षेत्र के कथित सप्लायर और पेडलर शामिल हैं। कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि उन्होंने बताया कि ०9 मई की शाम में गुप्त सूचना मिली थी कि बर्मामाइन्स थाना क्षेत्र के गांधी नगर बस्ती निवासी संतोष सिंह कपाली इलाके से बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर लेकर आया है और अपने घर से उसका कारोबार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर के निगरानी में तथा अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-01) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांधी नगर बस्ती स्थित संतोष सिंह के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस को वहां से 124 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। मौके से संतोष सिंह और उसकी दूसरी पत्नी आयशा खातून उर्फ बिल्लो को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस को नशे के सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने गोविंदपुर क्षेत्र में छापेमारी कर गौरव कुमार उर्फ अमर और अमित कुमार को गिरफ्तार किया। उनके पास से क्रमशः 20 और 19 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। वहीं मानगो क्षेत्र से मुख्य पेडलर बताए जा रहे संजय गोस्वामी उर्फ संजय बंगाली को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 12 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई।

एसएसपी ने बताया कि हाल ही में सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र से करीब 16.50 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर बरामद की गई थी। उस मामले में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में सामने आया था कि यह गिरोह अंतरजिला स्तर पर सक्रिय एक बड़े सिंडिकेट से जुड़ा हुआ है। वर्तमान कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपित भी उसी नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं। पुलिस अब पूरे सप्लाई चेन और इसके पीछे सक्रिय बड़े तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में कई पहले भी ब्राउन शुगर और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। संतोष सिंह के खिलाफ बर्मामाइन्स थाना में हत्या के प्रयास, मारपीट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के कई मामले दर्ज हैं। गौरव कुमार उर्फ अमर पर भी एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से मामले दर्ज हैं। वहीं संजय गोस्वामी उर्फ संजय बंगाली पर भी एनडीपीएस एक्ट और मारपीट से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि ये सभी आरोपित संगठित रूप से शहर के विभिन्न इलाकों में ब्राउन शुगर की सप्लाई कर रहे थे।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त मोबाइल के कॉल डिटेल और डिजिटल डेटा की जांच की जा रही है ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। एसएसपी ने कहा कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हालत में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।