जीतू पटवारी ने केंद्र और राज्य सरकार पर साधा निशाना, जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार के लगाए आरोप

Share

भाेपाल, 08 मई । मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने देवास जिले के चिड़ावत गांव की बदहाल जल व्यवस्था को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिस गांव को सरकारी रिकॉर्ड में “आदर्श ग्राम” बताया जा रहा है, वहां आज भी ग्रामीणों को खेतों और दूर-दराज के स्थानों से डिब्बों में पानी भरकर लाना पड़ रहा है। यह स्थिति “हर घर नल से जल” योजना और जल जीवन मिशन की जमीनी हकीकत उजागर करती है।

जीतू पटवारी ने शुक्रवार काे अपने बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2019 में “हर घर नल से जल” योजना के तहत 2024 तक हर ग्रामीण परिवार को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने का वादा किया था। इसके लिए केंद्र सरकार ने लाखों करोड़ रुपये स्वीकृत किए, लेकिन कई गांवों में आज भी नल सिर्फ शोपीस बनकर रह गए हैं। कहीं अधूरी पाइपलाइन पड़ी है, तो कहीं पानी की टंकियां बंद हैं। उन्होंने कहा कि देवास के चिड़ावत गांव का सामने आया वीडियो बेहद दर्दनाक है। महिलाएं और बच्चे पानी के लिए भटक रहे हैं, जबकि सरकारी दस्तावेजों में योजनाओं को पूर्ण बताया जा चुका है। इससे साफ है कि सरकार की प्राथमिकता जनता को सुविधा देना नहीं, बल्कि कागजों पर विकास दिखाना है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है। कई जिलों में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कें क्षतिग्रस्त छोड़ दी गईं, जल टंकियां निर्माण के कुछ समय बाद ही खराब हो गईं और करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद गांवों तक पानी नहीं पहुंचा। उन्होंने इसे जनता के टैक्स के पैसे की खुली लूट बताया।

पटवारी ने कहा कि भाजपा सरकार विज्ञापनों में विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन गांवों की वास्तविक तस्वीर उन दावों की पोल खोल रही है। यदि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ गंभीर होती, तो जल जीवन मिशन के कार्यों का सामाजिक ऑडिट कराकर दोषियों पर कार्रवाई करती। उन्होंने सवाल उठाया कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2024-25 के बजट में जल जीवन मिशन के लिए 70,163 करोड़ रुपये का प्रावधान किया और मध्यप्रदेश सरकार ने भी हजारों करोड़ रुपये खर्च किए, फिर भी देवास जैसे गांवों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए क्यों भटक रहे हैं?

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

चिड़ावत सहित जल संकट प्रभावित गांवों का तत्काल सर्वे कराया जाए

जल जीवन मिशन के कार्यों की स्वतंत्र एजेंसी से जांच हो

फर्जी भुगतान लेने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों पर एफआईआर दर्ज की जाए

ग्रामीण क्षेत्रों में तत्काल पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए

“आदर्श ग्राम” घोषित गांवों की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जाए

पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गांव-गांव जाकर भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार और “झूठे विकास मॉडल” की सच्चाई जनता के सामने लाती रहेगी।