शाम-ए-मौसीकी का आयोजन 11 मई को उज्जैन में

Share

भोपाल, 08 मई । मध्य प्रदेश उर्दू अकादमी, म.प्र. संस्कृति परिषद, संस्कृति विभाग द्वारा सूफी सम्मेलन के तहत शाम-ए-मौस़ीकी-गजलों एवं सूफी कलाम की सांगीतिक प्रस्तुति का आयोजन 11 मई, शाम 7 बजे से अभिरंग नाट्यगृह, कालिदास संस्कृत अकादमी, यूनिवर्सिटी रोड, उज्जैन में होगा।

उर्दू अकादमी की निदेशक डॉ. नुसरत मेहदी ने शुक्रवार को बताया कि मध्य प्रदेश उर्दू अकादमी मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद द्वारा आयोजित “शाम-ए-मौस़ीकी” केवल एक सांगीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी साझा तहजीब, सूफी परंपरा और गजल की रूहानी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का एक प्रयास है। सूफी कलाम इंसानियत, मोहब्बत और आपसी भाईचारे का संदेश देता है, और संगीत उसकी सबसे प्रभावशाली अभिव्यक्ति है। हमें प्रसन्नता है कि मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद द्वारा उज्जैन जैसे सांस्कृतिक नगर में यह आयोजन हो रहा है, जहाँ कला और अध्यात्म की समृद्ध परंपरा रही है। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश से समबन्ध रखने वाले देश के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को गजल और सूफी संगीत की एक यादगार शाम से रूबरू कराएंगे। प्रख्यात गजल गायक राजीव सिंह भोपाल, वाणी साठे उज्जैन एवं अहमद रजा जावरा के नाम शामिल हैं। कार्यक्रम का संचालन शबनम अली द्वारा किया जाएगा।

डॉ. नुसरत मेहदी ने उज्जैन के सभी कला एवं साहित्य प्रेमियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है।