राजगढ़, 08 मई । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नगर परिषद कुरावर में मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) के साथ कथित दुर्व्यवहार और हाथापाई का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। शुक्रवार को जिले के विभिन्न नगर निकायों के सीएमओ एकजुट होकर कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे तथा आरोपितों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो जिलेभर के सीएमओ कार्य बहिष्कार और हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को नगर परिषद कुरावर में निजी भुगतान को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। सीएमओ लीलाधर सेन ने अध्यक्ष प्रतिनिधि बालाप्रसाद चंद्रवंशी और उनके पुत्र पर गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार, हाथापाई और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप लगाए हैं।
सीएमओ द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि उन्हें अध्यक्ष कक्ष में बुलाकर निजी खर्चों के भुगतान के लिए दबाव बनाया गया। जब उन्होंने नियमानुसार प्रक्रिया का पालन करने की बात कही, तो उनके साथ कथित रूप से अभद्रता की गई और धक्का-मुक्की की स्थिति निर्मित हो गई।
घटना के विरोध में शुक्रवार को जिलेभर के नगरपालिका एवं नगर परिषद अधिकारियों ने सामूहिक रूप से नाराजगी जताई। अधिकारियों का कहना है कि यदि प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इस प्रकार की घटनाएं होती रहीं, तो नगर निकायों का सुचारू संचालन प्रभावित होगा।
अधिकारियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उचित कदम नहीं उठाए गए, तो वे आंदोलन और हड़ताल का रास्ता अपनाएंगे।