धार में नवागत कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने संभाला पदभार, मंदिर में पूजा-अर्चना कर की शुरुआत

Share

धार, 06 मई । मध्‍य प्रदेश के धार जिले के नवागत कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने बुधवार को विधिवत अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने से पहले उन्होंने धारेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और जिले की सुख-समृद्धि व जनकल्याण की कामना की।

इसके बाद कलेक्टर मीना कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे, जहां मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक चौधरी, अपर कलेक्टर संजीव केशव पाण्डेय सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कार्यालय के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली का अवलोकन भी किया।

पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर ने सभाकक्ष में जिला अधिकारियों की पहली परिचयात्मक बैठक ली। बैठक में सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकताएं ही प्रशासन की प्राथमिकताएं होंगी और सभी योजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर मीना ने निर्देश दिए कि विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा के मद्देनजर सभी अधिकारी अपनी योजनाओं और प्रगति की अद्यतन जानकारी रखें, ताकि जिले की रैंकिंग में सुधार हो सके। उन्होंने अंतर्विभागीय समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी योजना में आने वाली समस्याओं को आपसी तालमेल से शीघ्र हल किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभाग की प्रमुख योजनाओं, प्रोजेक्ट्स और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मिले निर्देशों की जानकारी साझा करने के निर्देश दिए, जिससे विकास कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग हो सके।