मंडी, 06 मई । एक दिलचस्प व हैरानीजनक घटनाक्रम के तहत बुधवार को नामांकन पत्र वापस लेने के अंतिम दिन पांच साल पुरानी मंडी नगर निगम के बैहना वार्ड में चुनाव लड़ने के इरादे से उतरे सभी चारों उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लेकर मैदान पूरी तरह से खाली कर दिया। अब इस वार्ड में इस बार तो कम से कम चुनाव नहीं होगा। चुनावी प्रक्रिया शुरू होने के बाद से ही लेकर लोग बैठकें करते रहे।
लोगों ने भाजपा के विधायक इंद्र सिंह गांधी से भी लगातार संपर्क रखा तो कांग्रेस के नेता व पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी से भी संपर्क रखा और दोनों ही नेताओं ने जनता के दबाव में अपने अपने अपने उम्मीदवारों भाजपा के गुरबचन सिंह व कांग्रेस के धनदेव को नामांकन पत्र वापस लेने के लिए मना लिया। यही नहीं लोगों ने भाजपा से बागी होकर आजाद मैदान में उतरे बैहना वार्ड के पहले पार्षद रहे कृष्ण भानु को भी बना लिया और आजाद मनसा सिंह को भी राजी कर लिया। सभी उम्मीदवार एक साथ नेरचौक बल्ह स्थित उपमंडलाधिकारी के कार्यालय पहुंचे और नाम वापस लेने के फार्म उन्हें सौंप दिए।
इस मौके पर विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि उनकी सरकार के आते ही बैहना वार्ड को फिर से पंचायत बना दिया जाएगा। प्रकाश चौधरी ने भी कहा कि जब लोग नहीं चाहते हैं कि उन्हें नगर निगम में नहीं रहना है तो उनकी भावनाओं का आदर किया जाना चाहिए। सरकार के साथ मामला उठाया जाएगा तथा इसे फिर से पंचायत का दर्जा दिलाया जाएगा। इसके साथ लगते वार्ड नंबर 15 दौहंदी को भी बाहर करने के लिए प्रयास हुए मगर बताया जा रहा है कि कांग्रेस की उम्मीदवार ऐन मौके पर कहीं चली गई और फिर से सर्वसम्मति से नामांकन वापस नहीं हो पाए। अब इस वार्ड में चुनावी प्रक्रिया थम गई है और नगर निगम का चुनाव नहीं होगा।
इधर, एसडीएम बल्ह एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी स्मृतिका नेगी ने पुष्टि की है कि बैहना वार्ड के सभी उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए हैं। इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों और निर्वाचन आयोग को भेजी जा रही है।