सीवान में आरपीएफ की ताबड़तोड़ कार्रवाई, तीन मामलों में शराब जब्ती व तस्कर गिरफ्तार

Share

सीवान, 02 मई । रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान की क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वाड ने शनिवार को ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाते हुए तीन अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की।

इस दौरान भारी मात्रा में देशी व विदेशी शराब बरामद की गई तथा दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक मामले में लावारिस शराब जब्त की गई।पहली कार्रवाई में गाड़ी संख्या 55056 गोरखपुर–छपरा पैसेंजर ट्रेन के सामान्य कोच संख्या 123498 से एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान उसके पास से 200 एमएल की 360 बोतल ‘बंटी बबली लाइम’ देशी शराब बरामद हुई। कुल 72 लीटर शराब की कीमत करीब 19,800 रुपये आंकी गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला रामनगर निवासी पियूष कुमार के रूप में हुई है।

दूसरी घटना में इसी ट्रेन के कोच संख्या 144385 से लावारिस हालत में दो बोरियों में रखी 200 एमएल की 250 बोतल देशी शराब बरामद की गई। कुल 50 लीटर शराब की कीमत 13,750 रुपये बताई गई। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।तीसरी कार्रवाई में गाड़ी संख्या 14674 अमृतसर–जयनगर एक्सप्रेस के S2 कोच से एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 180 एमएल की 20 बोतल स्मिरनॉफ मिंटी वोडका और 19 बोतल सिग्नेचर प्रीमियर ग्रेन व्हिस्की बरामद हुई।

कुल 7.020 लीटर शराब की कीमत 9,560 रुपये आंकी गई। गिरफ्तार आरोपी सुबोध कुमार, निवासी भठंडी, थाना नगर, जिला हाजीपुर बताया गया है।तीनों मामलों में जब्त शराब को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग सीवान को सौंप दिया गया है। संबंधित धाराओं के तहत अलग-अलग कांड दर्ज कर जांच की जा रही है। इस अभियान में आरपीएफ के एएसआई छोटे लाल सिंह यादव, एएसआई शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय सहित अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।