जयपुर, 01 मई । उत्तर पश्चिम रेलवे पर रेलवे टिकट, पार्सल, रिटायरिंग रूम, गुड्स एवं अन्य सभी भुगतान के लिए ऑनलाइन डिजिटल भुगतान का प्रचलन बढ़ा है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को लंबी भीड़ से निजात दिलाने और डिजिटल इंडिया की तरफ एक और कदम बढ़ाते हुए अब रेलवे स्टेशनों पर अनारक्षित टिकट काउंटरों, पार्सल कार्यालयों इत्यादि में भी ऑनलाइन डिजिटल भुगतान लिए डायनामिक क्यूआर कोड कमीशन किया गया है। यह सुविधा टिकट खिड़की पर मिलने से टिकट काउंटर पर टिकट लेने जा रहे लोगों को काफी राहत मिल रही है। सभी प्रमुख स्टेशनों के आरक्षण टिकट काउंटरों पर पीओएस मशीनों द्वारा टिकट बिक्री की सुविधा पहले से ही उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख स्टेशनों पर एटीवीएम द्वारा डिजिटल माध्यम से अनारक्षित टिकिट की सुविधा भी है। यूपीआई के जरिए डिजिटल पेमेंट से लोगों को खुले पैसे की परेशानी से निजात मिलने के साथ ही डिजिटल पेमेंट के जरिए कम समय में लोगों को टिकट मिल रहा है, जो कि पूरी तरह से पारदर्शिता को भी बढ़ावा दे रहा है।