रायगढ़ , 01 मई ।रायगढ़ पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित पुलिस यूथ यूनिटके अंतर्गत दो दिवसीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का शुक्रवार को रायगढ़ के अग्रोहा भवन में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा शक्ति स्वरूप श्री हनुमंत जी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह, प्रभारी कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी उन्नति ठाकुर, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पार्षद सुरेश गोयल, नागरिक सुरक्षा फाउंडेशन की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती आरती सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल तथा वरिष्ठ ताइक्वांडो कोच जयकुमार यादव मंच पर उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में प्रभारी कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे ने रायगढ़ पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रायगढ़ जिले में ताइक्वांडो के प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं ।रायगढ़ पुलिस द्वारा उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक उत्कृष्ट मंच और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। जो निश्चित रूप से उनके भविष्य को नई दिशा देगा।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि रायगढ़ पुलिस द्वारा “पुलिस यूथ यूनिटी स्पोर्ट्स” आयोजित करने का उद्देश्य जिले की खेल प्रतिभाओं को एक मजबूत मंच देना है, ताकि यहां के खिलाड़ी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने बताया कि ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए इंडोर स्पोर्ट्स आयोजन को लेकर पुलिस अधिकारियों एवं जिले के वरिष्ठ ताइक्वांडो खिलाड़ियों के साथ चर्चा की गई, जिसके बाद ताइक्वांडो प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया। एसएसपी ने कहा कि इस प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए जिला ताइक्वांडो के सभी क्लब, कोच और खिलाड़ियों ने काफी मेहनत की है तथा रायगढ़ पुलिस को पूरा सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने मंच से वरिष्ठ ताइक्वांडो कोच जयकुमार यादव तथा सभी कोच उनकी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं। अपने प्रेरक संबोधन में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बच्चों और युवाओं से खेल के मैदान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है।” उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि जितना जरूरी मंदिर जाना है, उतना ही जरूरी खेल के मैदान में जाना भी है, क्योंकि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने इस आयोजन की रूपरेखा तैयार करने और इसे सफल बनाने में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, डीएसपी उन्नति ठाकुर, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, आरआई अमित सिंह, निरीक्षक अमित सिंह, रोहित बंजारे, मनीराम सोनवानी एवं उनकी पूरी टीम के योगदान और मंच संचालन कर रहे राजेश डेनियल की सराहना की।
इस प्रतियोगिता में गर्ल्स एवं बॉयज की दो कैटेगिरी अंडर-14 और अंडर-17 में जिले भर के बालक-बालिकाएं हिस्सा ले रहे हैं। जिले के 10 ताइक्वांडो क्लबों के प्रशिक्षित खिलाड़ियों का आज सुबह वेट कराया गया, जिसमें कुल 170 प्रतिभागी शामिल हुए। आज शुभारंभ के साथ गर्ल्स वर्ग के मुकाबले 1-1 मिनट के दो राउंड में कराए गए, जिनके विजेता अगले राउंड में प्रवेश करेंगे। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर दिव्यांग बच्चों द्वारा भी प्रस्तुत ताइक्वांडो प्रदर्शन कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। बच्चों ने अपने अद्भुत आत्मविश्वास, अनुशासन और जज्बे के साथ शानदार तकनीकी प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों को भावुक होने के साथ प्रेरित भी किया।
शनिवार की सुबह बॉयज अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग के मुकाबले होंगे तथा गर्ल्स और बॉयज दोनों वर्गों के फाइनल मैच आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद शाम को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ इस दो दिवसीय खेल आयोजन का भव्य समापन होगा। रायगढ़ पुलिस ने जिले के खेल प्रेमियों और अभिभावकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बच्चों का उत्साहवर्धन करें।
प्रतियोगिता को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए 15 ऑफिशियल, 20 कोच तथा दो राज्य स्तरीय रेफरी राजकुमार शर्मा और वेद प्रकाश जायसवाल अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों, ऑफिशियल्स, कोच तथा बच्चों के अभिभावकों के लिए स्वल्पाहार एवं दोपहर भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे आयोजन का उत्साह और बढ़ गया है।