मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को गगल एयरपोर्ट प्रभावितों को राहत देने के दिए निर्देश

Share

धर्मशाला, 21 अप्रैल । कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के तहत प्रभावित 69 परिवारों को राहत प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि जिन परिवारों के नाम पर अपनी कोई जमीन दर्ज नहीं है, उनकी स्थिति को गंभीरता से लेते हुए विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इन प्रभावित परिवारों के मुद्दे को लेकर आज गगल एयरपोर्ट परिसर में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ विस्तृत चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने इन परिवारों को राहत प्रदान करने के लिए उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है।

उप मुख्य सचेतक ने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी पात्र परिवार के साथ अन्याय न हो। जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि वे सभी मामलों की जांच कर उचित सहायता एवं पुनर्वास संबंधी उपाय शीघ्र लागू करें।