देवघर, 20 अप्रैल । केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने महिला शक्ति वंदन अधिनियम बिल को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक ओर कांग्रेस और उसके सहयोगी दल महिलाओं के विकास की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर जब महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए आरक्षण बिल लाया जाता है, तो उसका विरोध करते हैं। पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह उसका असली चरित्र दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ओबीसी आरक्षण की बात करती है, लेकिन इसे संवैधानिक रूप देने का काम भारतीय जनता पार्टी ने किया है।
राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अन्नपूर्णा देवी ने हाल में रिम्स में डेंटल छात्रा के साथ दुष्कर्म और तीन साल की बच्ची के साथ हुई घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि झारखंड में सरकार सिर्फ अपने हितों में लगी है और कानून-व्यवस्था भगवान भरोसे है।
महिला आयोग के गठन में देरी पर चिंता जताते हुए उन्होंने हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि संथाल परगना क्षेत्र में महिलाओं के साथ लगातार अत्याचार हो रहे हैं, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है। इसके साथ ही मंत्री ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भी बयान दिया और कहा कि महिला आरक्षण बिल के विरोध का असर चुनाव में दिखेगा। उन्होंने दावा किया कि राज्य की महिलाएं भाजपा के पक्ष में मतदान कर ममता बनर्जी को जवाब देंगी।