फतेहाबाद, 19 अप्रैल । आईपीएल के रोमांच के बीच सट्टेबाजी का काला खेल भी चरम पर है। इसी कड़ी में फतेहाबाद पुलिस ने जुआरियों और सट्टेबाजों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में रेड कर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से दो सट्टेबाजों को करोड़ों के हिसाब-किताब के साथ रंगे हाथों काबू किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अश्वनी सैनी उर्फ रौनी पुत्र कृष्ण लाल निवासी बाजीगर मोहल्ला, टोहाना तथा अनिल पुत्र ओमप्रकाश, निवासी वार्ड नंबर 6, लकड़ मार्केट, टोहाना के रूप में हुई है। रविवार को सीआईए टोहाना के प्रभारी उप निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि मिलन चौक के पास स्थित पिंक स्टोन होटल के कमरे से क्रिकेट सट्टेबाजी का बड़ा नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और नियमानुसार अनुमति लेकर होटल के कमरा नंबर 102 में अचानक दबिश दी। कमरे के अंदर का नजारा देख पुलिस भी हैरान रह गई, जहां दो युवक कई महंगे मोबाइल फोन और लैपटॉप के जरिए मैच की हर गेंद पर दांव लगवा रहे थे। कार्रवाई के दौरान पता चला कि आरोपी स्पीडी स्ट्रीमिंग नामक ऐप के जरिए गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच चल रहे मैच पर सट्टा खिलवा रहे थे। वे लोगों को कम समय में अधिक पैसा कमाने का लालच देकर ऑनलाइन बुकिंग कर रहे थे। पुलिस ने मौके से सट्टेबाजी में इस्तेमाल होने वाले 5 स्मार्ट फोन बरामद किए हैं, जिनमें आईफोन 14 प्रो और रियल मी जैसे महंगे डिवाइस शामिल हैं। सबसे महत्वपूर्ण बरामदगी दो रजिस्टर हैं, जिनमें सट्टे के लेन-देन का करोड़ों का हिसाब-किताब दर्ज है। इसके अलावा एक कैलकुलेटर और पेन भी जब्त किया गया है, जिसका इस्तेमाल जीत-हार की गणना के लिए किया जा रहा था। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ थाना शहर टोहाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद सामान को मालखाने में जमा करवा दिया है और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।