पश्चिम राजस्थान में हीटवेव तो पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश संभव

Share

जयपुर, 16 अप्रैल । प्रदेश में गर्मी धीरे-धीरे पूरी रंगत में आती जा रही है। गुरुवार को प्रदेश के 17 शहरों का दिन का पारा 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया तो वहीं 6 शहरों का दिन का पारा 42 और रात का पारा 25 डिग्री के पार पहुंच गया। प्रदेश में बाड़मेर सबसे गर्म रहा।

शुक्रवार को पश्चिम राजस्थान में लू के थपेड़े देखने को मिल सकते है तो वहीं पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार भीलवाड़ा, वनस्थली, अलवर, पिलानी, सीकर,कोटा, बाड़मेर, पाली, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, करौली, दौसा और लूणकरणसर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। बाड़मेर, जैसलमेर, फलौदी, बीकानेर,श्रीगंगानगर और चूरू का दिन का पारा 42 डिग्री के पार रहा। बाड़मेर का अधिकतम तापमान 42.9 और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री दर्ज किया गया। बाड़मेर के अलावा संगरिया, प्रतापगढ़, जालोर, जैसलमेर और चित्तौडग़ढ़ का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य के अधिकांश भागों में आगामी 3-4 दिन मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 17 अप्रेल को एक कमजोर विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर, भरतपुर एवं बीकानेर संभाग तथा आसपास के क्षेत्र में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ आंधी (तेज हवाएं 30-40 किमी प्रतिघंटा) व हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री (सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक) दर्ज होने की संभावना है।

जयपुर के तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर देखने को मिल रहा है। जयपुर में दिन के तापमान में बढ़ोतरी तो वहीं रात के पारे में गिरावट दर्ज की गई। तेज गर्मी के चलते आमजन और पशु-पक्षी छांव तलाशते नजर आए। जयपुर के अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री की बढ़ोतरी तो वहीं रात के तापमान में 3.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 39.8 और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि गुरुवार को जयपुर में हल्के छितराए बादल भी नजर आए। शुक्रवार को कमजोर पश्चिम विक्षोभ के असर से हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।