खन्ना, 16 अप्रैल । शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर गेहूं की नमी के मानकों में ढील न दिलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस कारण किसानों की फसल की खरीद नहीं हो पा रही है और वे भारी परेशानी झेल रहे हैं।
खन्ना की एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडियों में से एक का दौरा करते हुए बादल ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पंजाब सरकार समय रहते केंद्र से नमी मानकों में छूट नहीं ले पाई, जबकि हरियाणा और राजस्थान ने पहले ही यह राहत हासिल कर ली थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने देरी से आवेदन किया, जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि जब उन्हें मंडियों का दौरा कर खरीद प्रक्रिया की निगरानी करनी चाहिए, तब वे छुट्टियों और विदेश यात्राओं में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है। अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि किसान पहले ही बारिश और ओलावृष्टि से फसल नुकसान झेल चुके हैं और अब अधिक नमी के कारण खरीद एजेंसियां गेहूं नहीं खरीद रहीं। उन्होंने एक किसान का हवाला देते हुए दावा किया कि मंडियों में केवल 2-3 प्रतिशत फसल ही खरीदी जा रही है।
उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर बोरों की कमी और घटिया गुणवत्ता के बोरे उपलब्ध कराने का भी आरोप लगाया। बादल ने पार्टी नेताओं से सभी मंडियों का दौरा कर किसानों के हक में आवाज उठाने की अपील की। परिसीमन पर उन्होंने कहा कि इसे केवल जनसंख्या के आधार पर लागू करना उचित नहीं है और सभी राज्यों के साथ समानता बरती जानी चाहिए।
————–