रांची, 14 अप्रैल । रांची में भारतीय एकता कमेटी और एकता भाईचारा पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को करबला टैंक रोड स्थित मुख्य कार्यालय में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके विचारों और योगदानों को याद किया गया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने भारतीय संविधान की महत्ता और बाबा साहेब के संघर्षपूर्ण जीवन पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड संख्या 16 के पार्षद सह वार्ड 17 के पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद सलाउद्दीन (संजू) और वार्ड संख्या 15 के पार्षद प्रतिनिधि गुलाम सरवर रिजवी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष और उनके द्वारा निर्मित संविधान के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही युवाओं से शिक्षा ग्रहण कर देश और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
भारतीय एकता कमेटी के संस्थापक अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा ने देश के महान नेताओं के त्याग और बलिदान को याद करते हुए लोगों से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। अन्य वक्ताओं ने भी सामाजिक समानता, शिक्षा और संविधान के महत्व पर विस्तार से अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के अंत में सचिव रामेश्वर राम ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर मनोज राम, मोहम्मद वसीम, मोहम्मद उमर, मोहम्मद अशफाक, मोहम्मद यूनुस सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
————