चतरा के नोनगांव में 108 हनुमत-सह-शिव प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का शुभारंभ

Share

चतरा, 14 अप्रैल । चतरा जिले के पत्थलगड़ा प्रखंड अंतर्गत नोनगांव पंचायत मुख्यालय में आयोजित तीन दिवसीय 108 हनुमत सह शिव प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का शुभारंभ मंगलवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ।

उत्तरवाहिनी बुद्ध नदी से शुरू हुई यह कलश यात्रा पूरे पंचायत मुख्यालय में धार्मिक वातावरण से गुंजायमान होती हुई आगे बढ़ी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने गांव के प्राचीन अखाड़ा और मंदिरों की परिक्रमा कर देवी-देवताओं का विधिवत पूजन किया।

इस पावन अवसर पर सैकड़ों महिलाएं और युवतियां कलश लेकर यात्रा में शामिल हुईं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति और आस्था के रंग में रंग गया। देवी-देवताओं के जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।

महायज्ञ के आचार्य संदीप शर्मा, विजय पांडेय, उमेश पांडेय, किशोरी शर्मा सहित अन्य कर्मकांडी आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मां गंगा का आह्वान किया और गंगा पूजन एवं आरती संपन्न कराई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरकर यात्रा को आगे बढ़ाया।

चिलचिलाती धूप के बावजूद प्रमुख मनीषा कुमारी, मुखिया संगीता सिंहा, पंचायत प्रतिनिधियों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों ग्रामीण नंगे पांव श्रद्धा और भक्ति के साथ इस धार्मिक यात्रा में शामिल हुए।

————-