बलरामपुर, 14 अप्रैल । जिले के ग्राम पंचायत डिंडो में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने 1154.45 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। सड़क, सामुदायिक भवन और खेल मैदान जैसी सुविधाओं के निर्माण से क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए तीन प्रमुख सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें तालकेश्वरपुर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना मार्ग से कुल्लूडीह होते हुए गोंडपारा सलवाही तक 5.40 किमी, गुदाह मार्ग से पीपरपान बस्ती तक 4.13 किमी तथा कमिश्नर नगर से मुख्य मार्ग (सोमारू घर) तक 1.53 किमी सड़क निर्माण शामिल है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से ग्रामीण अंचलों का मुख्य मार्गों से सीधा और बेहतर संपर्क स्थापित होगा।
इसके साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के माध्यम से गोंड समाज के लिए सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन, धान उपार्जन केंद्र में चबूतरा निर्माण और युवाओं के लिए खेल मैदान निर्माण का भी भूमिपूजन किया गया। इन सुविधाओं से सामाजिक गतिविधियों और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री नेताम ने जनसमुदाय को संबोधित करते हुए गोंडवाना समाज को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सामाजिक भवन की मांग लंबे समय से थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है, जिससे सामाजिक एकजुटता को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने शिक्षा को विकास की सबसे बड़ी कुंजी बताते हुए समाज से शिक्षित और जागरूक बनने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ तभी प्रभावी रूप से मिल सकता है, जब नागरिक अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग हों।
मंत्री नेताम ने भरोसा दिलाया कि सड़कों सहित अन्य निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा और विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए महुआ संग्रहण के दौरान जंगलों में आग लगाने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई और इसे रोकने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम, जनपद पंचायत अध्यक्ष मुद्रिका सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।