सूरजपुर, 14 अप्रैल । “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के समर्थन और महिलाओं की भागीदारी को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिले में आयोजित भव्य कार्यक्रम ने ऐतिहासिक रूप ले लिया। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े के नेतृत्व में महंगवा चौक से शिवपार्क तक निकली विशाल स्कूटी रैली में हजारों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया, जिससे पूरा शहर नारी शक्ति के जोश और संकल्प से गूंज उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रजवाड़े ने कहा कि “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” देश के लोकतांत्रिक इतिहास की एक ऐतिहासिक पहल है, जिसके माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रतिनिधित्व तक सीमित नहीं, बल्कि निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की समान भागीदारी सुनिश्चित कर राष्ट्र निर्माण को नई दिशा देगा।
उन्होंने कहा कि आज की नारी परिवार की सीमाओं से निकलकर समाज, शासन और देश की सशक्त धुरी बन चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के क्षेत्र में व्यापक अवसर मिले हैं। पंचायत से संसद तक महिलाओं की बढ़ती भागीदारी इस बदलाव का सशक्त प्रमाण है।
मंत्री ने यह भी कहा कि महिलाएं सदैव सशक्त रही हैं, लेकिन उन्हें लंबे समय तक उनके अधिकारों से वंचित रखा गया। अब महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आगे बढ़ रही हैं, जिसमें समाज के सभी वर्गों का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मविश्वास का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में किशोर न्याय बोर्ड की महिला कर्मी और ब्रह्मकुमारी संस्था की प्रतिनिधि ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि शासन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से व्यवस्था अधिक संवेदनशील, समावेशी और प्रभावी बनेगी, जिससे सामाजिक न्याय और समग्र विकास को बल मिलेगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखालाल रजवाड़े, जनपद पंचायत अध्यक्ष स्वाति सिंह, जिला पंचायत सदस्य, नगर पालिका उपाध्यक्ष सहित स्वास्थ्य, पुलिस और एनआरएलएम से जुड़ी महिलाएं तथा विभिन्न संगठनों की हजारों महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के माध्यम से “सशक्त नारी, सशक्त भारत” का संदेश पूरे जिले में प्रभावी ढंग से प्रसारित हुआ।