पलामू में कारा सुरक्षा समिति की बैठक, जेल की सुरक्षा व सुविधाओं को लेकर दिए गए अहम निर्देश

Share

पलामू, 13 अप्रैल । पलामू उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में सोमवार को उनके कार्यालय कक्ष में कारा सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की मूलभूत सुविधाओं, मुलाकाती व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थिति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कारा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखी जाए और किसी भी स्थिति में जेल के भीतर प्रतिबंधित वस्तुओं का प्रवेश न होने पाए।

इस दौरान पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की समीक्षा भी की गई। पेयजल आपूर्ति की समस्या पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों ने बताया कि स्थायी समाधान के लिए डीप बोरिंग आवश्यक है। इसके अलावा जेल की दीवार की ऊंचाई बढ़ाने, बंदियों के लिए नए वार्ड के निर्माण तथा बी-टाइप वार्ड के जीर्णोद्धार (रेनोवेशन) पर भी विचार-विमर्श किया गया।

उपायुक्त ने इन सभी कार्यों के लिए भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक एस्टीमेट तैयार करने का निर्देश दिया।

बैठक में वॉच टावरों और सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत सहित कारा सुरक्षा से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर मेदिनीनगर केंद्रीय कारा के प्रभारी कारा अधीक्षक सहित कारा सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

————