धूलेट उत्सव में कादो और गुलाल के बीच दिखा प्रेम और एकता का अद्भुत रंग

Share

पूर्वी सिंहभूम, 07 अप्रैल । जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत हेंसड़ा गांव में मंगलवार को हरि कीर्तन के समापन के बाद पारंपरिक धूलेट उत्सव पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया।

इस दौरान गांव के बुजुर्ग, युवा और बच्चे सभी एक साथ शामिल होकर जमीन को गीला कर कादो (मिट्टी) से एक-दूसरे को लगाते हुए आनंद लेते नजर आए। पूरे गांव में हंसी-खुशी और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

धार्मिक परंपरा के तहत आयोजित इस धूलेट उत्सव की शुरुआत हरि कीर्तन के समापन के बाद होती है, जिसमें श्रद्धालु एकत्र होकर सामूहिक रूप से भाग लेते हैं। लोग एक-दूसरे को कादो लगाने के साथ-साथ हल्का अबीर-गुलाल भी लगाते हैं और भगवान के प्रति अपनी आस्था और भक्ति भाव प्रकट करते हैं। इस दौरान भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहता है।

ग्राम प्रधान राम रंजन प्रधान ने बताया कि धूलेट की यह परंपरा वर्षों पुरानी है और इसका मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और एकता को मजबूत करना है।

उत्सव के दौरान सुरक्षा और अनुशासन का भी विशेष ध्यान रखा गया, ताकि सभी लोग सुरक्षित माहौल में इस परंपरा का आनंद ले सकें।