सिमराही में उर्वरक दुकान पर डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण, किसानों को सही दर पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश - सरस जनवाद

सिमराही में उर्वरक दुकान पर डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण, किसानों को सही दर पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश

Share

सुपौल, 31 मार्च । डीएम सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को संयुक्त रूप से राघोपुर प्रखंड के सिमराही स्थित थोक उर्वरक विक्रेता मेसर्स विकास आनंद के उर्वरक प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उर्वरकों की उपलब्धता, भंडारण व्यवस्था, स्टॉक पंजी, वितरण प्रणाली और निर्धारित दरों पर बिक्री की स्थिति की गहन जांच की।

अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि किसानों को उर्वरक निर्धारित मूल्य पर और पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता न होने पाए। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी वीरपुर, जिला कृषि पदाधिकारी सुपौल, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी और प्रखंड कृषि पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने प्रतिष्ठान से संबंधित आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन किया और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली।

इस दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि उर्वरकों की आपूर्ति और वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी स्तर पर गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश भी दिया गया।