एक साल से गैस नहीं मिलने का आरोप, उपभोक्ता ने डीएम से लगाई गुहार

Share

किशनगंज, 28 मार्च । शहर के धरमगंज स्थित माझिया रोड वार्ड नंबर-28 की निवासी सुमित्रा देवी ने स्थानीय जगदम्बा गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी विशाल राज को दिए आवेदन में बताया है कि उन्हें पिछले एक वर्ष से गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जबकि उनके कनेक्शन नंबर पर हर माह डिलीवरी दर्ज की जा रही है। सुमित्रा देवी, जो एजेंसी की नियमित उपभोक्ता हैं, ने आरोप लगाया कि उन्हें बार-बार केवाईसी (अपने ग्राहक को जानें) प्रक्रिया के नाम पर परेशान किया गया। उन्होंने बताया कि वह एमजीएम मेडिकल कॉलेज में कार्यरत हैं, जिसके कारण उनके लिए बार-बार एजेंसी कार्यालय जाकर केवाईसी प्रक्रिया पूरी करना संभव नहीं हो पा रहा था।

पीड़िता के अनुसार, एक ओर एजेंसी द्वारा केवाईसी का हवाला देकर उन्हें गैस सिलेंडर देने से मना किया गया, वहीं दूसरी ओर उनके मोबाइल पर 10 मार्च से 19 मार्च 2026 के बीच डिलीवरी और अगली बुकिंग से संबंधित संदेश प्राप्त हुए। सुमित्रा देवी का दावा है कि इस अवधि में उन्हें वास्तव में कोई सिलेंडर प्राप्त नहीं हुआ। उन्होंने एचपी पे ऐप पर अपनी बुकिंग हिस्ट्री की जांच की, जिसमें लगातार डिलीवरी दर्ज दिखाई गई।

सुमित्रा देवी ने आशंका व्यक्त की है कि एजेंसी द्वारा इस प्रकार की अनियमितता अन्य उपभोक्ताओं के साथ भी की जा रही हो सकती है। पीड़िता ने बताया कि 27 मार्च 2026 को वह एजेंसी कार्यालय पहुंचकर स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला और 14 अप्रैल 2026 की अगली बुकिंग का इंतजार करने को कहा गया। सुमित्रा देवी ने जिला प्रशासन से तत्काल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने तथा संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले के सामने आने के बाद अन्य उपभोक्ताओं में भी आक्रोश देखा जा रहा है।

जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि उन्हें इस संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि आवेदन के आधार पर जांच टीम गठित कर दी गई है और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मामले को लेकर जगदंबा गैस एजेंसी के मैनेजर सरवन कुमार ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि एजेंसी पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह गलत हैं।